रूखे और बेजान बाल अब होंगे मुलायम

DocsApp
DocsApp

Table of Contents

सिर के बालों का हमारी ख़ूबसूरती में महत्वपूर्ण योगदान है। काली, घनी, रेशमी ज़ुल्फ़ें आपके व्यक्तित्व में चार चाँद लगा देती हैं| लेकिन पिछले कुछ समय से शरीर के साथ साथ लोगों के बालों का स्वास्थ्य भी लगातार गिर रहा है। आमतौर पर लोग अपनी बालों की देख रेख को नज़रअंदाज़ कर देते हैं जबकि कुछ आसान घरेलू नुस्ख़ों की सहायता से आप अपने बालों की सुंदरता और सेहत को बरकरार रख सकते हैं।

कुछ घरेलू नुस्ख़े जो हो सकते हैं मददगार

1. एग या अण्डे का मास्क

अंडा न सिर्फ हमारे शारीरिक स्वास्थ्य में लाभ पहुँचाता है बल्कि इससे हमारे बालों का स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है। अंडे के अलग अलग मास्क बना कर हम अपने बालों को मज़बूत और चमकदार रेशम जैसा मुलायम बना सकते हैं। अंडे का मास्क बनाने की कुछ आसान विधियाँ इस प्रकार हैं [ हफ्ते में 1 बार इसे लगाया जा सकता है]
*अपने बालों की लम्बाई के अनुसार 1 या 2 अंडे फेंट कर बालों में अच्छे से लगा लें और 1 घंटे बाद गुनगुने पानी से बालों में शैम्पू कर लें।


*1 या 2 अण्डों में 2 चम्मच दही और 2 चम्मच नारियल या सरसों अथवा जैतून का तेल अच्छे से मिलाकर लगा लें और 1 घंटे बाद गुनगुने पानी से शैम्पू करें।

2. एलोवीरा मास्क

जो लोग अंडे से परहेज करते हैं उनके लिए एलोवीरा मास्क भी फायदेमंद हो सकता है एलोवीरा मास्क बनाने का तरीका भी बहुत आसान है।

2 चम्मच ताज़ा एलोवीरा का रस, 2 चम्मच नारियल का तेल, दोनों को मिक्सी में अच्छी तरह मिला लें और 1 घंटे के लिए बालों में लगा कर छोड़ दें और फिर गुनगुने पानी से बालों में शैम्पू कर लें। अगर आपको ताज़ा एलोवीरा न मिले तो बाजार में मिलने वाले एलोवीरा जैल का भी प्रयोग कर सकते हैं। नारियल के तेल की जगह सरसों, जैतून अथवा तिल का तेल भी लिया जा सकता है। इस मास्क को आप बोतल में भरकर फ्रिज में रख सकते हैं।

3. दही का मास्क

यदि आपके बाल रूखे और बेजान हो रहे हैं तो बालों में दही फेंट कर लगाई जा सकती है और करीब 1 घंटे बाद गुनगुने पानी से शैम्पू कर लें।

4. फूलों का मास्क

जासौन, गुड़हल अथवा हिबिस्कस हमारे बालों के लिए बहुत ही फायदेमंद है। इसके प्रयोग से बालों की हर समस्या से छुटकारा मिल सकता है। इसे आसानी से घर पर ही बनाया जा सकता है।
इसके लिए आपको चाहिए --
3 -4 जासौन के फूल, देसी गुलाब 2-3, लौंग करीब 4, कलौंजी अथवा प्याज के बीज 1 चम्मच भीगे हुए, कढ़ी पत्ता 10-12, भीगा हुआ 1 चम्मच मैथी दाना, 1 छोटा नीम्बू छिलके के साथ। नीम्बू का बीज निकाल कर छोटे-छोटे टुकड़े कर लें इसमें बाकी सभी चीज़े मिला कर मिक्सी में बारीक पीस लें। इस पेस्ट में 1 चम्मच तेल अथवा विटामिन ई का 1 कैप्सूल मिला लें | पैक को मेहँदी की तरह बालों में लगा लें 1 एक घंटे बाद पानी से धो लें।

हफ्ते में 1 या 2 बार इस मास्क को लगाने से ही आपके बाल रेशम की तरह चमकीले और मुलायम हो जाएँगे |    

5. हर्बल तेल

हमारे बालों को चमकदार मुलायम और खूबसूरत  बनाने के लिए तेल की मालिश भी बहुत फायदेमंद होती है। बाज़ार में मिलने वाले तेल में ही कुछ सामग्री मिलाकर हम घर पर हर्बल तेल बना सकते हैं जैसे -


*नीम का तेल

नारियल तेल 500 ग्राम, 4 से 5 चम्मच पिसा हुआ मेथी दाना, करीब आधा किलो नीम के पत्ते | कढ़ाई में तेल डालकर उबलने रख दें | अब इसमें नीम के पत्ते और पिसी हुई मेथी मिलाकर धीमी आँच पर पका लें| ठंडा होने पर काँच की बोतल में छान कर भर लें | इस तेल को एक साल तक उपयोग कर सकते हैं |

*कैस्टर आयल

कैस्टर आयल हमारे बालों के लिए बहुत लाभकारी होता है। 1 चम्मच कैस्टर आयल में 1 चम्मच नारियल का तेल मिला कर हल्का गर्म करके धीमे धीमे बालों में लगाएँ और 2 घंटे बाद सिर धो लें।

*जवाकुसुम तेल                                                                                                                                                                                                                                                                       इसके लिए आप नारियल अथवा सरसों के तेल का उपयोग कर सकते हैं | तेल 500 ग्राम, जासौन अथवा जवाकुसुम के फूल लगभग 20। कढ़ाई मे तेल डालकर गरम कर लें | अब इसमें फूल डाल कर धीमी आँच में करीब आधा घंटा पका लें | ठंडा होने पर छान कर काँच की बोतल मे भर दें इसे भी आप 1 साल तक उपयोग में ले सकते हैं।  

इनमें से किसी भी तरीके का हफ्ते में 1 से 2 बार प्रयोग कर आप अपनी ज़ुल्फ़ों को ख़ूबसूरत बना सकते हैं|

किसी अन्य प्रकार की सहायता  के लिए आप DocsApp पर एक केश विशेषज्ञ से परामर्श कर सकते हैं|

क्या आप जानते हैं कि DocsApp गोल्ड खरीदने पर आप साल भर में स्वास्थ्य सम्बन्धी खर्चों पर ₹5000 तक की बचत  कर सकते हैं ? DocsApp गोल्ड खरीदने पर आपको मिलते हैं पूरे 1 साल तक अनगिनत परामर्श 20 मेडिकल विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ, केवल ₹999 में !